नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को ओडिशा के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य में किसानों की आय बढ़ाने, पोषण सुरक्षा और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सुबह पटना से रवाना होकर 11 बजे भुवनेश्वर पहुँचेंगे। इसके बाद वे लोक सेवा भवन स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘मंडिया दिवस’ के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अवसर पर वे ओडिशा समेत पूरे देश में मिलेट्स के उत्पादन, प्रसंस्करण और उपभोग को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डालेंगे। साथ ही, मिलेट्स को प्रोत्साहन देने समेत इसके माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के संबंध में भी चर्चा होगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान कटक जिले के सदर क्षेत्र का भी दौरा करेंगे, जहां वे किसानों के साथ फील्ड विजिट और संवाद करेंगे। वे किसानों के अनुभवों और सुझावों को जानेंगे। इसके साथ ही, कृषि मंत्री केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे अलग-अलग कृषि कार्यक्रमों की जमीनी स्थिति का अवलोकन करेंगे। दोपहर में वे कटक के बिद्याधरपुर स्थित आईसीएआर-सीआरआरआई में आयोजित संयुक्त रणनीति बैठक में भाग लेंगे।
इस बैठक में पीएम धन धान्य कृषि योजना, पल्सेस सेल्फ-रिलायंस मिशन और राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा ओडिशा में सतत और आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने पूर्व में कहा कि भारत का भविष्य किसान के खेतों में छिपा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम खेती को लाभकारी, पर्यावरण-संवेदनशील और तकनीक-समर्थ बना रहे हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह राज्यों का दौरा करके मैदानी रूप से कार्य करते हुए किसानों से लगातार रूबरू हो रहे हैं। उनका कहना है कि हमारे किसानों और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सिर्फ दिल्ली के कृषि भवन में बैठकर काम नहीं हो सकता है, बल्कि इसके लिए खेतों पर किसानों के बीच जाकर उनके अनुभव जानना जरूरी है। शिवराज सिंह चौहान सोमवार शाम को भुवनेश्वर से विजयवाड़ा के लिए रवाना होंगे, जहां अगले दिन अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे।











Discussion about this post