दुबई : मंगलवार यानी 4 मार्च को दुबई में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला सेमीफाइनल खेला जाना है। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम के सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऐसे में भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में ट्रैविस हेड को नए जोड़ीदार के साथ पारी की शुरुआत करनी होगी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मैथ्यू शॉर्ट के रिप्लेसमेंट की घोषणा कर दी है, लेकिन उस खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल सकता है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया मैथ्यू शॉर्ट के रिप्लेसमेंट के तौर पर ऑलराउंडर कूपर कोनोली को चाहता था। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC ने मैथ्यू शॉर्ट के रिप्लेसमेंट के तौर पर कूपर कोनोली को मंजूरी दे दी है। टूर्नामेंट के बीच में टीम में बदलाव तभी होता है, जब ICC की इवेंट टेक्निकल कमेटी इसकी मंजूरी दे।
इस मामले में भी ऐसा ही हुआ है। युवा सलामी बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क 4 मार्च को भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए ट्रैविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के पास आरोन हार्डी के तौर पर दूसरा विकल्प भी है।
अब देखना यह है कि वे किसके साथ उतरेंगे। 21 वर्षीय कूपर कोनोली ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीन वनडे के साथ-साथ एक टेस्ट और दो टेस्ट मैच भी खेले हैं। हालांकि, बतौर गेंदबाज उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला, जबकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने सिर्फ 14 रन बनाए हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट के आखिरी लीग मैच के दौरान मैथ्यू शॉर्ट को बाएं क्वाड्रिसेप्स में चोट लग गई थी। बल्लेबाजी करते हुए वह असहज नजर आए। वह जल्दी ठीक नहीं होंगे। ऐसे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने रिप्लेसमेंट का ऐलान किया।
ऑस्ट्रेलिया की टीम इस प्रकार है
स्टीव स्मिथ (कप्तान), सीन एबॉट, एलेक्स कैरी, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, आरोन हार्डी, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, तनवीर संघा, एडम जाम्पा और कूपर कोनोली











Discussion about this post