मेरठ। दिल्ली गेट थाना पुलिस ने महिला से डेढ़ साल के बच्चे को छीनने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना 2 जून को तब सामने आई, जब चौक निवासी रुकसार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता रुकसार ने बताया कि उसका अपने पति और ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा है, जिसकी रिपोर्ट पहले से लोहियानगर थाने में दर्ज है। एक जून को उसका पति तीन-चार अज्ञात लोगों के साथ उसके घर पहुंचा और तमंचा दिखाकर उसके डेढ़ साल के बेटे शाईन को जबरन छीनकर ले गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई तेज कर दी। सोमवार को आरोपी साकिब उर्फ राजा, निवासी लक्खीपुरा, लिसाड़ी गेट को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अब पूरे मामले की तह तक जाकर यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या इस घटना में और भी लोग शामिल थे, और बच्चे को कहां रखा गया है।











Discussion about this post