मेरठ। हापुड़ जिले में बढ़ते अपराधों पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया है। मेरठ के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने हापुड़ नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह और हापुड़ देहात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार गुप्ता के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश जारी किए हैं। साथ ही सीओ हापुड़ नगर जितेंद्र शर्मा से जवाब-तलब कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डीआईजी ने बताया कि यह कार्रवाई 20 जून को हुई अपराध एवं कानून व्यवस्था समीक्षा बैठक के बाद की गई है। समीक्षा में यह पाया गया कि क्षेत्र में अपराधों में वृद्धि होने के बावजूद प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई नहीं की गई। दोनों प्रभारी निरीक्षकों द्वारा गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम जैसी धाराओं में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
प्रारंभिक जांच के निर्देश एसपी हापुड़ को दिए गए हैं, जो मामले की विस्तृत जांच करेंगे। डीआईजी ने यह भी बताया कि नगर सर्किल के थाना हापुड़ नगर, हापुड़ देहात और बाबूगढ़ में निरोधात्मक कार्यवाही में लापरवाही के चलते सीओ नगर हापुड़ से भी जवाब मांगा गया है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post