बागपत। महेशपुर चोपड़ा और शिकोहपुर गांव के जंगल में पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय तार चोर गिरोह के चार बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो कुंतल तार, तमंचा व कारतूस, कार, बाइक व उपकरण बरामद किए हैं।
कोताना मार्ग पर स्थित बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता नरेंद्र कुमार ने फरवरी माह में बिजलीघर से 1700 मीटर तार चोरी करने और बिजली लाइन क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि रविवार रात शिकोहपुर गांव के जंगल डौला नहर की पटरी पर बदमाशों की सूचना मिलने पर बड़ौत पुलिस और स्वाट टीम ने घेराबंदी की। तभी बदमाशों ने गोली चला दी।
इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में शहजाद निवासी अमन काॅलोनी इस्लामनगर गाजियाबाद, जाहिद निवासी गोकलपुर मेरठ व मूल निवासी गौसपुर गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर एक कार, कटर, लोहा काटने के ब्लेड, डेढ़ क्विंटल एल्युमिनियम का तार बरामद किया।
इसके अलावा महेशपुर चोपड़ा के जंगल में डौला नहर की पटरी पर सिंघावली अहीर पुलिस और स्वाट टीम की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। इसमे गोली लगने से दिलशाद उर्फ मोनू निवासी हुसैनपुर जिला गाजियाबाद, आसमोहम्मद उर्फ कल्लू निवासी शाहजहांपुर दोघट घायल हो गए। उनके पास से दिल्ली से चाेरी बाइक, 35 किलो तार, दो तमंचे, कारतूस बरामद किए गए।
एसपी सूरज कुमार ने बताया कि चारों घायल बदमाशों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं, जिन्हें उपचार के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।











Discussion about this post