मेरठ। थाना नौचंदी, थाना मेडिकल पुलिस व स्वाट टीम मेरठ द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश सलमान पुत्र गयासुद्दीन को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल होने पर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है।
दिनांक 16 जून की रात सलमान ने अपने साथियों के साथ मिलकर युग हॉस्पिटल के पास जुनैद नामक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मृतक के पिता इशहाक की लिखित तहरीर पर थाना नौचन्दी मेरठ में सलमान और पांच अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी जांच प्रभारी निरीक्षक कर रहे हैं।
इस मामले में नामजद अभियुक्त शुऐब पुत्र मेहरबान को पहले ही गिरफ्तार कर जिला कारागार भेजा जा चुका है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मेडिकल थाना क्षेत्र के जाग्रति विहार गुर्जर चौक एक्सटेंशन में सलमान की गिरफ्तारी के लिए छापा मारा।
अभियुक्त ने खुद को घिरा देखकर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। मुठभेड़ में सलमान घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिन्दा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।











Discussion about this post