मुजफ्फरनगर। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस ने रविवार को अस्पताल चौराहे पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। एसपी ट्रैफिक अतुल चौबे के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में सड़क पर अतिक्रमण करने वाले ठेले-खोमचे वालों को खदेड़ा गया। साथ ही यातायात नियम तोड़ने वाले लापरवाह वाहन चालकों के चालान भी काटे गए।
अस्पताल चौराहा शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसका प्रमुख कारण सड़क किनारे फैला अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और ठेलों की भीड़ है, जिससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और वाहनों की आवाजाही बाधित होती है।
रविवार को अभियान के दौरान पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई लोग सामान समेटकर भागते नजर आए। पुलिस ने ठेलियों समेत कई अस्थायी कब्जों को हटवाया और दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी।
यातायात पुलिस ने अतिक्रमण के साथ-साथ लापरवाह वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की। बिना हेलमेट चलने वाले बाइक सवार, तीन सवारी, गलत दिशा में वाहन चलाने और नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के चालान काटे गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर को जाम मुक्त और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।











Discussion about this post