मेरठ। परतापुर स्थित कान्हा उपवन गौशाला में गोवंश की मौत के मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह को देर रात उनके आवास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ के मेरठ दौरे के दौरान जब यह मामला उनके संज्ञान में आया तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए डॉ. हरपाल सिंह को जिम्मेदार मानते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
थाना परतापुर क्षेत्र में स्थित इस गोशाला में गोवंशों की दुर्दशा को लेकर जनप्रतिनिधियों ने भी गंभीर सवाल उठाए थे। नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में जांच के लिए दो अलग-अलग कमेटियां बनाई गई थीं। जांच में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह और गोशाला के केयरटेकर भारत कुमार को दोषी पाया गया।
इन दोनों के खिलाफ सफाई एवं खाद्य निरीक्षक कुलदीप कुमार की ओर से सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोपों में गोवंशों के साथ दुर्व्यवहार, सरकारी संपत्ति का गबन और अपने कर्तव्यों का गंभीर उल्लंघन शामिल हैं।
डॉ. हरपाल सिंह मूल रूप से पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। न्यायालय के आदेश पर उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। प्रशासनिक स्तर पर यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश मानी जा रही है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











Discussion about this post