मेरठ। सिंचाई विभाग ने बिना जांच किए रजवाहा सलावा में पानी छोड़ दिया। इससे शोभापुर चौराहा जलमग्न हो गया। इससे यातायात प्रभावित हुआ। रोहटा रोड पर एनएच 58 पुल से दूसरी तरफ जाने वाले यात्रियों से थ्री-व्हीलर वाहन चालकों ने अधिक किराया वसूला। उधर, सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जलभराव खत्म होने में कम से कम 12 घंटे लगेंगे।
सरधना नहर से निकलकर एनएच 58 के बराबर से राजवाहा सलावा गुजर रहा है। इस रजबहे से खेतों की सिंचाई होती है। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने रविवार को इस रजबहे में पानी छोड़ दिया। जबकि राजवाहे में जगह जगह पुलिया चोक हैं। जब दोपहर के बाद शाम के समय राजवाहे में पानी पीछे से ही गंदगी व कबाड़ बहाकर लाया तो शोभापुर चौराहा की पुलिया और चोक हो गई। राजवाहे में पानी आगे जाने की बजाय चौराहे पर बह निकला।
थोड़ी ही देर में एनएच 58 के पुल के नीचे सड़क पर पानी ही पानी भर गया। जलभराव इतना अधिक रहा कि ई-रिक्शा भी पानी से नहीं निकल पाए। रोहटा रोड पर बनी दुकानों तक भी पानी पहुंच गया। लोगों को इस मार्ग से गुजरने के लिए काफी समस्या झेलनी पड़ी। समाज सेवी दुष्यंत रोहटा ने इसकी शिकायत सिंचाई विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन कोई संतुष्ट जवाब नहीं मिला। हालांकि लोगों की शिकायतों के बाद देर रात सिंचाई विभाग के कर्मचारी राजवाहे की पुलिया खोलने के लिए जेसीबी लेकर पहुंचे। वहीं रविवार को वीकएंड के चलते वाहनों का भी काफी दबाव हाईवे पर रहा। जिस कारण से पानी भराव के कारण जाम लग गया।











Discussion about this post