मेरठ। मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में भाजपा पार्षद के ड्राइवर की पत्नी के साथ सामूहिक बलात्कार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति से झगड़ा होने के बाद घर से निकली महिला को लिफ्ट देने के बहाने तीन युवक अपने कमरे में ले गए और उसके साथ बलात्कार किया। युवकों ने पीड़िता के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ बेरहमी से बलात्कार किया और उसे नूरनगर रेलवे हॉल्ट के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों सद्दाम, वसीम और शहजाद को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बुधवार रात की है। पीड़िता की शिकायत के बाद गुरुवार देर रात FIR दर्ज की गई। पीड़िता ने बताया कि पति से विवाद के बाद वह घर से निकल गई थी। लिसाड़ी गेट के समर गार्डन के पास तीन युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा दिया और बाइक पर बिठाकर अपने कमरे में ले गए। वहां उसके साथ गैंगरेप किया गया और धमकी दी गई कि शिकायत करने पर जान से मार दिया जाएगा।
पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और पति को घटना की जानकारी दी। पति ने BJP पार्षद को सूचित किया, जो कार्यकर्ताओं के साथ लिसाड़ी गेट थाने पहुंचे। शुरुआत में पुलिस ने FIR दर्ज करने में आनाकानी की, लेकिन हंगामे के बाद केस दर्ज किया गया। पुलिस ने पीड़िता के साथ घटनास्थल का दौरा किया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने FIR दर्ज न करने के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। मामले की जांच जारी है।











Discussion about this post