लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर सभी स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि माँ भारती की सेवा, राष्ट्रीय एकता एवं सनातन संस्कृति के संवर्धन हेतु समर्पित विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी लंबी यात्रा राष्ट्रीय चेतना के पुनर्जागरण का अमर अध्याय है। संघ ने शाखा की अनुशासित परंपरा में देशभक्ति के मूल्यों के बीज बोए, समाज के प्रत्येक क्षेत्र में सेवा, समरसता एवं संगठन की भावना जागृत की।
मुख्यमंत्री ने लिखा है भारत की आत्मा को आत्मविश्वास दिया, बिखरे समाज को एकात्मता के सूत्र में पिरोया, राष्ट्रवाद को जीवन का आधार बनाया और अखंड भारत के निर्माण के दिव्य संकल्प से जन-जन को जोड़ने का कार्य किया। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से दीप्त यह संगठन करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा चरित्र निर्माण की कार्यशाला है।
यहां अनुशासन और सहयोग का पाठ पढ़ाया जाता है। यहां सेवा और समर्पण के बीज बोए जाते हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को विजयादशमी की भी शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि प्रभु श्री राम की कृपा से हर हृदय धर्म और सत्य के आलोक से आलोकित हो।









Discussion about this post