अयोध्या। योगी सरकार रामनगरी को एक और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की सौगात देने जा रही है। शहर के साहबगंज स्थित बंद पड़े सीतापुर नेत्र चिकित्सालय को ध्वस्त कर रामपथ के उत्तर व दक्षिण की ओर की जमीन पर 300 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। यह हॉस्पिटल रामपथ पर अयोध्या कैंट और अयोध्या धाम के बीच में बनाया जाएगा, जहां पर आसानी से बीमार लोग पहुंच सकेंगे।
डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि प्रस्तावित भूमि चौक गुलाबबाड़ी के निकट रामपथ पर स्थित है। यह सुगम आवागमन के लिए उपयुक्त है। इसके साथ ही प्रस्तावित भूमि से लगभग 2.5 किमी की दूरी पर जिला चिकित्सालय स्थित है। लगभग चार किमी की दूरी पर श्रीराम चिकित्सालय, छह किमी की दूरी पर मेडिकल कालेज व लगभग पांच किमी की दूरी पर श्रीरामजन्मभूमि मंदिर स्थित है। प्रस्तावित भूमि सभी चिकित्सालयों से सड़क मार्ग से अच्छी तरह से कनेक्ट है, जिससे रेफर मरीजों को पहुंचने में सुविधा होगी।
डीएम ने बताया कि शासन में फाइनल अप्रूवल में गया है। पहले पुरानी बिल्डिंग को गिराया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। सीतापुर अस्पताल की भूमि पर एक तरफ अस्पताल का निर्माण होगा और दूसरी तरफ अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ के लिए आवास बनाए जाएंगे।











Discussion about this post