मुजफ्फरनगर। भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत आयोजित भर्ती रैली शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। 14 दिनों तक चली इस भर्ती प्रक्रिया में 13 जिलों के 17 हज़ार से ज़्यादा युवाओं ने दौड़, शारीरिक दक्षता और दस्तावेज़ सत्यापन में हिस्सा लेकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। अब चयनित अभ्यर्थियों का 6 से 8 सितंबर तक मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद, भर्ती प्रक्रिया पूरी कर सेना के अधिकारी मेरठ के लिए रवाना होंगे।
भर्ती के अंतिम दिन नुमाइश मैदान में अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर पदों के लिए दौड़ आयोजित की गई, वहीं चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में शारीरिक दक्षता और दस्तावेज जांच की प्रक्रिया हुई। भर्ती निदेशक एआरओ मेरठ कर्नल सत्यजीत बेबले ने बताया कि क्लर्क पद की लिखित परीक्षा पास कर चुके 1073 युवाओं को बुलाया गया था, लेकिन हाइट चेकिंग और अनुपस्थिति के कारण केवल 950 ही दौड़ में शामिल हुए। इनमें से लगभग 700 युवाओं ने निर्धारित समय में दौड़ पूरी की।
अंतिम दिन अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर और शामली जिलों के युवा भर्ती रैली में शामिल हुए। सुबह पांच बजे शुरू हुई यह प्रक्रिया देर शाम तक चली। कर्नल बेबले ने बताया कि योग्य अभ्यर्थियों का विस्तृत मेडिकल परीक्षण आठ सितम्बर तक चलेगा, जिसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को भारतीय सेना में विभिन्न पदों पर सेवा का अवसर मिलेगा।










Discussion about this post