लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब की मूर्तियों के साथ अक्सर शरारती तत्व छेड़छाड़ करते हैं, जिसे रोकने के लिए सरकार हर मूर्ति के आसपास सुरक्षात्मक बाउंड्री वॉल बनाएगी। उन्होंने कहा, “जिस मूर्ति के ऊपर छत नहीं होगी, वहां छत बनवाएंगे। यदि कहीं कोई काम छूट गया है, तो उसे भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।”
संविदा कर्मियों को न्यूनतम मानदेय की गारंटी-
हजरतगंज स्थित आंबेडकर महासभा कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए सीएम योगी ने चतुर्थ श्रेणी संविदा सफाई कर्मियों की समस्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने इस पर निर्णय ले लिया है। कॉरपोरेशन का गठन किया गया है और अगले एक-दो महीनों में यह सुनिश्चित कर दिया जाएगा कि हर चतुर्थ श्रेणी के कर्मी और संविदा कर्मी को न्यूनतम मानदेय की गारंटी सरकार की ओर से मिले। यह कदम भी सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।”
पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत की ओर-
मुख्यमंत्री ने कहा कि वंचित वर्गों को जो भी सुविधाएं और सम्मान मिल रहा है, वह बाबा साहब की दी हुई प्रेरणा का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘नए भारत’ की ओर बढ़ रहा है। पंचतीर्थ का निर्माण और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों के लिए नई छात्रवृत्ति योजनाएं बाबा साहब के समानता और आत्मसम्मान के विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य है।
कार्यक्रम का शुभारंभ बौद्ध भिक्षुओं द्वारा बुद्ध वंदना एवं त्रिशरण पंचशील के पाठ से हुआ।










Discussion about this post