मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में मेरठ-करनाल हाईवे पर शुक्रवार देर रात फुगाना थाना पुलिस और डीजल-स्टपनी चोरों के बीच मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल और टायर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
मुठभेड़ के दौरान 2 बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 3 को जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 100 लीटर चोरी का डीजल, 6 स्टपनियां, 3 रिम, एक इंडिका कार, दो ट्रक और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
घटना शुक्रवार रात करीब 2 बजे की है, जब फुगाना पुलिस को सूचना मिली कि दिल्ली-देहरादून फ्लाईओवर के पास कुछ संदिग्ध लोग चोरी का सामान लेकर खड़े हैं। थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को गोली लगी, जबकि बाकी जंगल में भागने लगे। पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर तीन और बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान राशिद, गुलफाम, सलमान, सलीम और इंतजार के रूप में हुई है। इनमें राशिद और गुलफाम का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। राशिद पर हत्या के प्रयास, लूट और गैंगस्टर एक्ट के 13 मामले दर्ज हैं, जबकि गुलफाम ड्रग्स तस्करी और धोखाधड़ी के मामलों में वांछित था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग हाईवे पर खड़े ट्रकों को निशाना बनाता था। एक ट्रक को पीड़ित वाहन के पास खड़ा कर, बदमाश ड्राइवर को गुमराह करते और कुछ ही मिनटों में डीजल व स्टपनी गायब कर देते थे।
इस ऑपरेशन को एसएसपी अभिषेक सिंह और सीओ ऋषिका सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया। पुलिस ने बदमाशों के पास से 3 तमंचे, 6 कारतूस, 2 खोखे और 2 चाकू भी बरामद किए हैं।
हाईवे पर लगातार हो रही चोरियों से ट्रक ड्राइवरों में दहशत थी। गैंग के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क की छानबीन कर रही है और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी है।










Discussion about this post