मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने गुरुवार को शहर की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं – वेस्ट टू एनर्जी प्लांट और सुजडू क्षेत्र में बन रहे ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने किदवई नगर स्थित वेस्ट एनर्जी प्लांट का दौरा नीदरलैंड की कंपनी के डायरेक्टर थेरस गीलिंग के साथ किया। निरीक्षण के दौरान प्लांट के पास बड़े पैमाने पर जमा कूड़ा देख जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को इसे शीघ्र हटाने व निस्तारण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग और जीसी इंडिया कंपनी को कहा कि चिन्हित स्थल की सफाई तत्काल कराई जाए ताकि वहां मशीनें स्थापित कर वेस्ट टू एनर्जी प्रक्रिया शुरू हो सके। उन्होंने दो टूक कहा कि आबादी वाले इलाकों में कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे अन्य स्थानों पर स्थानांतरित कर वैज्ञानिक विधि से निपटाया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत बन रहे सुजडू ओवर ब्रिज का निरीक्षण भी किया। ईओ नगर पालिका प्रज्ञा सिंह ने बताया कि इस परियोजना के लिए तीन करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अपर जिलाधिकारी प्रशासन, एसडीएम सदर, लेखपाल और निर्माण एजेंसी की संयुक्त बैठक कर रूट प्लान और भूमि पैमाइश को अंतिम रूप दें ताकि कार्य शीघ्र पूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस कार्य की प्रगति पर नजर रखेंगे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी, लेखपाल और एजेंसी प्रतिनिधि मौजूद रहे।










Discussion about this post