संभल। संभल हिंसा के दौरान अपने बयानों और कड़े फैसलों से सुर्खियों में आए एएसपी अनुज कुमार चौधरी का तबादला फिरोजाबाद कर दिया गया है। उन्हें यहां एएसपी ग्रामीण के पद की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार ने बुधवार को जारी आदेश में साफ किया कि अनुज चौधरी अब चंदौसी से स्थानांतरित होकर फिरोजाबाद की कानून-व्यवस्था संभालेंगे।
पिछले महीने ही 10 अगस्त को अनुज चौधरी को सीओ पद से एएसपी के पद पर पदोन्नत किया गया था। चंदौसी में उनका करीब साढ़े चार महीने का कार्यकाल रहा। विभागीय प्रोन्नति समिति की बैठक में उनका नाम उन 29 डिप्टी एसपी में शामिल था, जिन्हें एएसपी बनाया गया। अब सरकार ने उन्हें नई
जिम्मेदारी के तहत फिरोजाबाद भेज दिया है।
खेल कोटे से PPS बनने वाले पहले अधिकारी-
वर्ष 2012 में खेल कोटे से PPS अधिकारी बने अनुज चौधरी इस कोटे से एएसपी बनने वाले पहले अफसर हैं। उनकी यह उपलब्धि विभागीय इतिहास में एक मिसाल के रूप में देखी जाती है। वह खेल उपलब्धियों से लेकर पुलिस सेवा तक, दोनों क्षेत्रों में मजबूत पहचान बना चुके हैं।
बेबाक बयानों से हमेशा रहे सुर्खियों में-
अनुज चौधरी अपने सख्त और बेबाक बयानों के लिए भी चर्चित रहे हैं। जुमे की नमाज को लेकर दिया गया उनका बयान काफी विवादित रहा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि “जुमे का दिन साल में 52 बार आता है, होली एक बार आती है। जिसे रंग से परहेज हो वह घर से न निकले।” हालांकि विवाद के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका समर्थन किया था।
फिटनेस और सामाजिक पहल से बनी अलग पहचान-
कुश्ती के रिंग से निकलकर पुलिस विभाग में आए अनुज चौधरी फिटनेस को लेकर काफी सजग रहते हैं। वह भंडारे कराना, बच्चों को कपड़े और जूते दिलाना, जिम से वीडियो जारी करना और धार्मिक जुलूसों में शामिल होना जैसे कदम उठाते रहे हैं। इससे वह आम जनता के बीच भी चर्चा में रहते हैं।
नेशनल और इंटरनेशनल स्तर के कुश्ती खिलाड़ी-
अनुज चौधरी मूल रूप से मुजफ्फरनगर के बहेड़ी गांव के निवासी हैं। 1997 से 2014 तक वह लगातार नेशनल चैंपियन रहे। 2002 से 2010 के बीच उन्होंने नेशनल गेम्स में दो सिल्वर मेडल जीते। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने देश का मान बढ़ाया। खेल उपलब्धियों के चलते 2001 में उन्हें लक्ष्मण अवार्ड और 2005 में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया।
अन्य अधिकारियों के भी हुए तबादले-
सरकार ने अन्य अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया है। कुलदीप कुमार प्रथम को प्रयागराज से संभल भेजा गया है, जबकि राजेश कुमार श्रीवास्तव को सीतापुर के केंद्रीय आयुध भंडार में नियुक्त किया गया है। इन बदलावों के बीच ASP अनुज कुमार चौधरी का संभल से फिरोजाबाद स्थानांतरण सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है।











Discussion about this post