शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में स्थित एक फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में बीती रात बदमाशों ने दीवार में सेंधमारी कर लाखों रुपये के सामान की चोरी कर लिया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस की रात्रि गश्त की पोल एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।
जानकारी के अनुसार, बाबरी निवासी सचिन कुमार का “अग्रवाल ब्रदर्स फर्नीचर्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स” नाम से शोरूम कलेक्ट्रेट चौराहे के पास स्थित है। शोरूम मालिक ने बताया कि बुधवार की रात वह हमेशा की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह जब वे पहुंचे तो शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार टूटी हुई मिली और दुकान के अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। चोर दीवार तोड़कर अंदर घुसे थे और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, इन्वर्टर-बैटरी, प्रेशर कुकर सहित करीब दो लाख रुपये का माल चुरा ले गए। शोरूम मालिक ने बताया कि पीछे के रास्ते से बदमाश सारा माल ले जाने में सफल रहे।
थाना आदर्शमंडी प्रभारी ज्ञानेंद्र गिरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। शोरूम से चोरी का कितना सामान गया है, यह तहरीर मिलने के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
यह वारदात न सिर्फ पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े करती है, बल्कि व्यापारियों में भी असुरक्षा की भावना को बढ़ा रही है।











Discussion about this post