मेरठ। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे और दिल्ली रोड पर एक काफिले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया गया है कि यह काफिला भारतीय किसान यूनियन (धन सिंह कोतवाल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर के नेतृत्व में लखनऊ से मेरठ लौट रहा था। वायरल वीडियो में काफिले में शामिल कुछ वाहनों से जुड़े लोगों द्वारा सार्वजनिक रूप से प्रदर्शन किए जाने की बात कही जा रही है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया गया है कि बुधवार को मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया था। इसके बाद जब काफिला मेरठ शहर में दाखिल हुआ, तो परतापुर तिराहा, कुंडा गेट, रिठानी, शोप्रिक्स मॉल चौराहा, गुमी, जुर्रानपुर फाटक, बिजली बंबा बाईपास, पीवीएस मॉल और तेजगढ़ी चौराहे से होते हुए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पहुंचा। इस दौरान काफिले के कारण दिल्ली रोड पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
वीडियो वायरल होने के बाद मेरठ पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और जाँच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
उल्लेखनीय है कि नूर नगर निवासी पवन गुर्जर लिसाड़ी द्वारा 27 नवंबर को स्वतंत्रता सेनानी धन सिंह कोतवाल गुर्जर की जयंती के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल संगठन का गठन किया गया था। इसी क्रम में सोमवार को लखनऊ में संगठन की सभा आयोजित हुई थी। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि वीडियो के आधार पर वाहनों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post