सहारनपुर। जनपद के नौनिहालों को कुपोषण और बीमारियों से बचाने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी मुहिम छेड़ी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जिला महिला चिकित्सालय में फीता काटकर ‘विटामिन ए सम्पूरण अभियान’ के द्वितीय चरण (दिसंबर 2025) का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई।
लक्ष्य और अवधि: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि यह अभियान आज 26 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 24 जनवरी 2026 तक चलेगा। इसके तहत जनपद के 4,82,860 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
शिशु सुरक्षा कवच: जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में विटामिन-ए को ‘शिशु सुरक्षा कवच’ बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों की आंखों की रोशनी और रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) बढ़ाने के लिए यह खुराक अत्यंत आवश्यक है।
जनता से अपील: जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या टीकाकरण बूथ पर ले जाकर यह खुराक अवश्य पिलाएं।
स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश:
DM मनीष बंसल ने टीकाकरण कर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “आप जनता और स्वास्थ्य विभाग के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी आपके कंधों पर है। इस राष्ट्रीय लक्ष्य को पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से हासिल करें।
विटामिन-ए का महत्व:
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, विटामिन-ए सम्पूरण कार्यक्रम वर्ष में दो बार, छह माह के अंतराल पर आयोजित किया जाता है। यह बच्चों को रतोंधी (Night Blindness) जैसी बीमारियों से बचाता है और उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होता है।
विटामिन ए एक वसा में घुलनशील विटामिन है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, इससे बच्चों की रेाग प्रतिरोधक क्षमता में बढ़ोत्तरी होती है और वे स्वस्थ व पोषित रहते हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा0 मुकेश कुमार द्वारा बताया गया कि जनपद में ए0एन0एम0, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्री के सहयोग से विटामिन ए सम्पूरण अभियान का संचालन किया जायेगा। अभियान के अंतर्गत बुधवार एवं शनिवार को आयोजित होने वाले टीकाकरण सत्रों पर विटामिन ए की खुराक दी जायेगी। उन्होंने बताया कि विटामिन ए से शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता में वृद्धि, आंखों की परत कोर्निया की सुरक्षा, दस्त व श्वास संबंधी रोगों से बचाव, आंख के रोगों जैसे रतौंधी से बचाव, कुपोषण में कमी एवं शारीरिक विकास में सहायक एवं 9 माह से 5 वर्ष तक छः माह के अंतराल से विटामिन ए सम्पूरण द्वारा बाल जीवितता में 20 प्रतिशत की वृद्धि सम्भव है।
उद्घाटन के अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा0 सुधा कुमारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डा0 इन्दिरा सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी-डा0 मुकेश कुमार, जिला महिला चिकित्सालय से डा0 नवदीप गुप्ता एवं बाल रोग विशेषज्ञ डा0 मनदीप सिंह, हाॅस्पिटल मैनेजर श्रीमती ईशा, अपर शोध अधिकारी अरविन्द कुमार, पवन कुमार, हुकम सिंह, नदीम अखलाक, संदीप धीमान, यूनिसेफ से डीएमसी अमित शर्मा, आई0ओ0 श्रीमती शशि बाला, जिला महिला चिकित्सालय के समस्त टीकाकरण कर्मी सहित कर्मचारीगण उपस्थित रहे।











Discussion about this post