नई दिल्ली : चैम्पियंस ट्रॉफी की मेजबान देश पाकिस्तान का सफर टूर्नामेंट में चंद दिनों के अंदर खत्म हो गया. इसके बाद से पाकिस्तान टीम को अपने ही दिग्गजों से आलोचना सहनी पड़ रही है. आईसीसी टूर्नामेंटों में सभी फॉर्मेट में पाकिस्तान का प्रदर्शन दोयम दर्जे का रहा है. इसके बावजूद पाकिस्तानी टीम के पूर्व हेड कोच जेसन गिलेस्पी का मानना है कि अगर सही खिलाड़ियों को चुना जाए और उनका सपोर्ट किया जाए तो वे किसी भी टीम को हराने में सक्षम हैं.
वहीं जेसन गिलेस्पी ने भारत vs पाकिस्तान मैचों में कंपटीशन की कमी पर महान भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर के कमेंट्स पर निराशा व्यक्त की है. गावस्कर ने हाल ही में दावा किया था कि दुबई में आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के मुकाबले में मोहम्मद रिजवान की अगुवाई वाली टीम की हार के बाद दूसरी या तीसरी श्रेणी की भारतीय टीम पाकिस्तान की मौजूदा वन-डे टीम के लिए खतरा बन सकती है.
गिलेस्पी ने पाकिस्तान पत्रकार साज सादिक द्वारा शेयर वीडियो में कहा- मैं इस बयानबाजी से सहमत नहीं हूं. मैंने सुनील गावस्कर के कुछ कमेंट्स देखे, इसमें उन्होंने कहा था कि भारतीय की बी टीम या भारतीय की सी टीम पाकिस्तान की टीम टीम को हराएगी. यह बकवास है, पूरी तरह से बकवास है. अगर पाकिस्तान सही खिलाड़ियों को चुनता है और उन्हें चमकने, सीखने और अपने खेल को डेवलप करने का समय देता है, तो वे किसी को भी हरा सकते हैं. मुझे इस बारे में कोई संदेह नहीं है.











Discussion about this post