कांधला। खेड़ा कुरतान गांव के किसान सलीम (57) का शव मंगलवार शाम करीब आठ बजे क्षेत्र के खेड़ा कुरतान-लूंब मार्ग पर पड़ा मिला। परिजनों ने हरियाणा के पानीपत निवासी एक व्यक्ति से जमीनी विवाद में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस अज्ञात भैंसा बुग्गी की टक्कर से मौत होने की बात कह रही है।
खेड़ा कुरतान गांव निवासी सालिम खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था। पुलिस को सूचना मिली कि खेड़ा कुरतान-लूंब मार्ग पर किसान का शव पड़ा हुआ है। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सालिम के साथ बाइक पर सवार गांव का ही सेठपाल भी घायल मिला। दोनों को कांधला सीएचसी लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने सालिम को मृत घोषित कर दिया। सालिम के भाई इमरान और इरफान ने हत्या की आशंका जताई। बताया कि सालिम और सेठपाल बाइक पर सवार होकर खेत के लिए निकले थे।
हरियाणा के पानीपत के व्यक्ति से सालिम का जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। आशंका जताई कि इसी विवाद में भैंसा बुग्गी से टक्कर मारकर सालिम की जान बूझकर हत्या की गई है। क्योंकि बाइक भी क्षतिग्रस्त मिली है। भैंसा बुग्गी से इसलिए टक्कर मारी, ताकि किसी को शक नहीं हो। घायल सेठपाल का सीएचसी में ही उपचार चल रहा है।
परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। उधर, एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि बागपत के लूंब के पास बाइक और भैंसा बुग्गी की टक्कर में सालिम की जान गई है। हादसे की वीडियो भी पुलिस के पास है। पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सालिम के परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटी, दो बेटे हैं। सालिम ही खेती कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि अब उसके परिवार के समक्ष दो वक्त की रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। प्रशासन से भी परिवार की आर्थिक मदद की मांग की है।











Discussion about this post