मुजफ्फरनगर : गन्ने के मूल्य में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस बार भी वृद्धि नहीं किये जाने से किसानों में भारी रोष व्याप्त है। यह गुस्सा चरथावल चकबंदी कार्यालय पर चल रहे धरने के रूप में स्पष्ट देखा जा सकता है। किसानों ने दो दिन से चले आ रहे इस धरने पर गन्ने की होली जलाकर अपना विरोध प्रकट किया।
किसान नेता विकास शर्मा ने गन्ने की होली जलाने का नेतृत्व किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस बार भी गन्ना मूल्य में कोई वृद्धि नहीं करके किसानों का शोषण करने का कार्य किया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी चुनावों में किसान इसका जवाब अवश्य देंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों की आवाज़ को अब और दबाया नहीं जा सकता, और सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना ही होगा।
विकास शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार किसानों की मेहनत और संघर्ष को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक चरथावल क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक धरना अनिश्चितकालीन जारी रहेगा। किसानों के पास अब केवल विरोध और आंदोलन का ही विकल्प बचा है और वे किसी भी कीमत पर अपने हक़ की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।
धरने के दौरान भाकियू के वरिष्ठ नेता शीलू त्यागी, पवन त्यागी, सलीम, सोनू त्यागी, मनु त्यागी, सुभाष बालिस्टर, कुमार शंभू सिंह, नीटू प्रमुख आदि किसान उपस्थित रहे।











Discussion about this post