सहारनपुर। जिले में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म, आत्महत्या के लिए उकसाने और नशा तस्करी के मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पहला मामला थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने नाबालिग से कुकर्म के मुकदमे में वांछित आरोपी प्रवीण उर्फ कोहली पुत्र रामरतन निवासी मोहल्ला इकराम, कस्बा रामपुर मनिहारान को पकड़ा। थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह ने बताया कि 20 जुलाई को वादी की तहरीर पर आरोपी वसीम समेत सात लोगों के खिलाफ धारा 3ए/4 पाक्सो एक्ट और 3(2)ट एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला इकराम से गिरफ्तार किया गया।
दूसरा मामला थाना कोतवाली मण्डी क्षेत्र का है। यहां पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित दो महिला आरोपियों—शालू पत्नी सौरभ निवासी शेख जादगान थाना नानौता और ममतेश पत्नी अजीत निवासी उपरोक्त—को उनके घर से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी बीनू सिंह ने बताया कि 4 जुलाई को वादी रवि सैनी की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें वादी के भाई सौरभ को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए गए थे।
तीसरा मामला थाना गागलहेड़ी क्षेत्र का है। यहां पुलिस ने नशा तस्कर शहबान पुत्र गुफरान निवासी मोहल्ला बड़ी मस्जिद, कस्बा गागलहेड़ी को भगवानपुर रोड स्थित हरियाबांस हाईवे पुल के नीचे से पकड़ा। थाना प्रभारी प्रवेश कुमार ने बताया कि आरोपी के पास से 10.98 ग्राम नाजायज स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। जनपद पुलिस की इन कार्रवाइयों से कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराधियों पर कड़ा संदेश देने का प्रयास किया गया है।











Discussion about this post