मेरठ। मेरठ के हस्तिनापुर में मेडिकल स्टोर चलाने वाले एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हत्या के बाद आरोपी शव को एक खेत में फेंककर फरार हो गए। राहगीरों ने जब शव खेत में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त उज्जवल पुत्र सुभाष निवासी के रूप में हुई है। मृतक युवक उज्जवल अपने पिता के साथ मेडिकल स्टोर पर बैठता था।
घटना से गुस्साएं परिजनों ने हस्तिनापुर थाने के सामने हंगामा किया। परिजन सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया। परिजन हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटी है। माना जा रहा है कि पुरानी रंजिश के कारण हत्याकांड को अंजाम दिया है। घटना के बाद से हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के सैफपुर गांव में तनाव है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
बताया गया है कि युवक का होली के आसपास कुछ लोगों से विवाद हुआ था। मृतक युवक के पिता सुभाष ने बताया कि उसके बाद से मामला शांत हो गया था। आज सुबह उनका बेटा मेडिकल स्टोर के लिए निकला था। दोपहर को उसकी लाश खेत में पड़े होने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और ना कभी किसी से कोई बातचीत हुई है। पुलिस हत्याकांड को सुलझाने में लगी है।











Discussion about this post