मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र स्थित वसुंधरा रेजीडेंसी के प्लॉट बेचने के नाम पर 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद बाप-बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नई मंडी थाना क्षेत्र के पर्चेंडा कलां निवासी कंवरपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका परिचित निकेत बालियान टावर लगाने का काम करता है। निकेत ने पहले 5.5 लाख रुपये उधार लिए और रकम लौटाने के बजाय पिता के साथ मिलकर वसुंधरा रेजीडेंसी में प्लॉट बेचने का झांसा दिया। पीड़ित से 65 लाख रुपये में सौदा तय कर 45 लाख रुपये ऑनलाइन ले लिए। शेष 20 लाख रुपये रजिस्ट्री के समय देने की बात हुई, लेकिन आरोपी बाप-बेटे ने बैनामा कराने से इनकार कर दिया और रकम भी वापस नहीं की।
काफी प्रयासों और आश्वासनों के बाद भी पैसे न लौटने पर पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। मामले की जांच सीओ नई मंडी को सौंपी गई थी। जांच पूरी होने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।










Discussion about this post