मुजफ्फरनगर। अंबा विहार निवासी अनीस पुत्र मुशाहिद पर नगर पालिका से आर्थिक मदद दिलाने के नाम पर कई युवकों से धोखाधड़ी से आधार व पैन कार्ड बनवाकर करोड़ों रुपये का लोन लेने का आरोप लगा है। ठगी के शिकार दर्जनों युवक बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित युवकों का आरोप है कि मुशाहिद ने उन्हें नगर पालिका से 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दिलवाने के नाम पर विश्वास में लेकर उनकी पहचान पत्रों की फोटो प्रतियां मांगीं। कुछ दिन बाद जब विभिन्न बैंकों से लोन की किस्तें आने लगीं, तब उन्हें पता चला कि उनकी आईडी पर दो-दो लाख रुपये तक के लोन जारी हो चुके हैं।
पीड़ित शाहनूर ने बताया कि आरोपी ने उसके छोटे भाई की आईडी लेकर उसके नाम पर दो लाख रुपये का लोन पास करवा लिया। जब इसकी शिकायत पुलिस से की गई तो आरोपी को पकड़ा जरूर गया, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया।
शाहनूर के अनुसार, मुशाहिद चिल्ड्रन हैप्पी होम पब्लिक स्कूल, अंबा विहार के पास का रहने वाला है। उसने लगभग 30-40 लोगों के नाम पर 1 लाख से लेकर 2.80 लाख रुपये तक के लोन पास करवाए हैं। पीड़ितों को तब जाकर सच्चाई का पता चला जब बैंक के अधिकारी उनके घर पहुंचकर किस्त जमा करने का दबाव बनाने लगे।
पीड़ितों ने एसएसपी संजय वर्मा से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मुशाहिद ने बैंक और युवाओं दोनों के साथ बड़ा फर्जीवाड़ा किया है और अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो ये लोन पीड़ितों की जिंदगी पर भारी पड़ सकते हैं।










Discussion about this post