मुज़फ्फरनगर। जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें प्रेम प्रसंग के चलते दोस्तों ने अपने दोस्त अनुज की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन मुख्य आरोपियों सहित दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए नाबालिगों में से एक मृतक की प्रेमिका भी शामिल है।
घटना 21 जुलाई की है, जब मंसूरपुर क्षेत्र स्थित गुरुकुल स्कूल के पास एक बंद पड़े शराब ठेके के पीछे युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान अनुज पुत्र विनोद के रूप में हुई, जिसके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के गहरे निशान थे।
पुलिस ने जांच तेज करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की और 48 घंटे के अंदर तीन युवकों—अक्षय, अमन और दीपक—को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया, जिनमें से एक मृतक की प्रेमिका है।
पूछताछ में पुलिस के सामने चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी अक्षय ने बताया कि अनुज उसकी प्रेमिका से बातचीत करता था और मिलने का दबाव बना रहा था। इसी बात से नाराज होकर अक्षय ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अनुज को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
हत्या की रात प्रेमिका ने अनुज को कांवड़ यात्रा देखने के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपी अनुज को पकड़कर सुनसान इलाके में ले गए और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस पूरी कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंसूरपुर थाना प्रभारी सुभाष अत्री की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।










Discussion about this post