मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने एक ऐसे शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है जो गाड़ियां चुराकर नकली कागज़ात तैयार करके उन्हें ऑनलाइन बेच देता था। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से चार मोटरसाइकिल और नकली कागज़ात का जखीरा बरामद हुआ है।
एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए, नई मंडी थाने के इंचार्ज इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा की लीडरशिप में पुलिस टीम ने रथेड़ी कट से नसीरपुर जाने वाले रास्ते पर इन दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।
कपिल पुत्र रामपाल (निवासी अलमासपुर, मुजफ्फरनगर)
दीपक पुत्र धर्मवीर (निवासी शकुंतला विहार, मवाना, मेरठ, हाल निवासी अलमासपुर)
बरामदगी: चोरों के कब्जे/निशादेही से चार मोटरसाइकिल, अवैध शस्त्र मय कारतूस, चार फर्जी आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, और दो फर्जी ई-स्टाम्प बरामद किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार चोरों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी करते थे। चुराए गए वाहनों को वे एक एप के माध्यम से उसके वास्तविक मालिक का नाम-पता प्राप्त करते थे। इसके बाद, फर्जी आधार कार्ड पर उसी नाम-पते का उपयोग करते हुए अपनी फोटो लगा देते थे और वाहनों को OLX व अन्य वेबसाइट पर डालकर ऑनलाइन बेच देते थे।
बरामद चार मोटरसाइकिलों में से दो बाइकें मेरठ और बागोवाली से चोरी हुई थीं। अन्य बाइकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। थाना नई मंडी पुलिस ने इस गिरोह के अन्य चोरों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की है और आरोपियों के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।











Discussion about this post