शामली। बाबरी थाना इलाके के गांव बाबरी में गुरुवार शाम उस समय हंगामा हो गया, जब बाजार में सामान खरीदने आई 17 साल की लड़की को छेड़छाड़ का विरोध करने पर 5-6 युवकों ने जमीन पर गिराकर बेल्ट से बुरी तरह पीटा। पूरी घटना बाजार में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
घायल लड़की: हमले में लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि मौके पर मौजूद लोग डर के मारे उसे बचाने के लिए आगे नहीं आ सके। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने तुरंत बाजार बंद कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, दुकानें नहीं खोली जाएंगी।
पुलिस की कार्रवाई: सूचना मिलने पर बाबरी पुलिस मौके पर पहुँची। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों—बिलाल और उस्मान (निवासी बाबरी)—को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
सीओ थानाभवन जितेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
“मां-बेटियों की इज्जत की रक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस घटना में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपियों को किसी भी दशा में छोड़ने का प्रश्न ही नहीं उठता। सख्त से सख्त कार्रवाई होगी, ताकि भविष्य में कोई ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिमाकत न कर सके।”
घटना के बाद करीब एक घंटे तक बाजार में तनाव और गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस की सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने स्थिति सामान्य करने का भरोसा जताया।











Discussion about this post