मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के सिविल लाइंस के हरथला में शुक्रवार दोपहर पिता ने रील देखने के लिए एंड्रॉयड मोबाइल नहीं दिया तो किशोरी ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। परिजन जिंदगी की आस में उसे फंदे से उतार कर जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने भी जवाब दे दिया। पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हरथला सब्जी मंडी निवासी फैक्टरी कर्मचारी की पत्नी नीलम बीमार हैं। उसने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे वह पत्नी को दवा दिलाने अगवानपुर जा रहा था। घर में दो बेटियां मौजूद थीं। इसी दौरान 16 वर्षीय बड़ी बेटी ने अपने पिता से एंड्रायड मोबाइल मांगा और पिता को कीपैड वाला मोबाइल लेकर जाने को कह दिया। इसी बात पर पिता ने उसे डांट दिया और कहा कि सुबह-शाम रील देखती रहती है।
इसके बाद पति-पत्नी घर से चले गए। किशोरी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर के बाद छोटी बहन घर आई तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने दरवाजा खोलने के लिए बहन को आवाज दी लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। करीब दोपहर करीब एक बजे मां-बाप घर आ गए और उन्होंने शोर मचा दिया।
आस पड़ोस के लोग आ गए और धक्का मारकर दरवाजा खोल दिया। तब देखा कि दुपट्टे के सहारे किशोरी लटकी हुई थी। परिजन उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए। सिविल लाइंस मनीष सक्सेना फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि परिवार से पूछताछ में पता चला कि किशोरी पिता से मोबाइल मांगी थी। इसी बात से नाराज होकर किशोरी ने आत्महत्या कर ली है।











Discussion about this post