बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और उसके प्रेमी से तंग आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया है। वहीं, पुलिस ने मृतक की बेटी की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बांदा के डीएसपी पीयूष पांडे ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। आरोप है कि यहां के रहने वाले एक शख्स ने अपनी पत्नी गुड़िया और उसके प्रेमी गोपालदास से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी का एक दूसरे व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला अपने प्रमी संग रह रही थी। घटना से पहले मृतक ने अपनी पत्नी को काफी समझाया था। आरोप है कि समझने की बजाय उसने अपने प्रमी संग मिलकर पति की पिटाई कर दी थी।
बताया जा रहा है कि एक दिन महिला के प्रेमी ने मृतक को कॉल पर कहा था, “जा तेरी बीबी को रख लिया है, जो उखाड़ सकते हो उखाड़ लेना।” आरोप है कि बस यही बात पीड़ित को नागवार गुजरी और उसने आत्महत्या करके अपने जीवन को खत्म कर लिया। पुलिस ने मृतक की बेटी की तहरीर पर पत्नी और उसके प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है।
बांदा के डीएसपी पीयूष पांडेय ने कहा, “थाना कोतवाली नगर में एक युवती ने बताया कि उसके पिता द्वारा उसकी मां और उसके प्रेमी के अवैध संबंध के चलते आत्महत्या की गई है। तहरीर प्राप्त कर थाना कोतवाली नगर पर केस दर्ज किया गया। दोनों को जेल भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”











Discussion about this post