उत्तर प्रदेश। रजबपुर थाना क्षेत्र से एक विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ उपले थापने गई 15 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खेत में लहूलुहान और बेहोश मिली किशोरी-
घटना शुक्रवार शाम की है। पीड़ित किशोरी गांव के बाहर सरकारी जमीन पर उपले थापने गई थी। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद किशोरी पास के ही एक खेत में बेहोशी की हालत में मिली। उसके शरीर और कपड़ों पर खून के निशान थे, जिसे देख परिजनों के होश उड़ गए।
डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने की जांच-
सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर भारी पुलिस बल, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। साक्ष्य जुटाने के साथ ही किशोरी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद पीड़िता ने आपबीती सुनाई और गांव के ही अमान और उसके एक नाबालिग साथी पर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाया।
समझौते का दबाव ठुकराया, एक आरोपी गिरफ्तार-
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि रात भर दोनों पक्षों के बीच मामले को दबाने और समझौते का प्रयास चलता रहा, लेकिन पीड़िता के परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए समझौता करने से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई-
सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी अमान की तलाश जारी है।











Discussion about this post