मेरठ। मेरठ में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर वकीलों ने कचहरी में हड़ताल रखी और सांसद का घेराव करते हुए उनको ज्ञापन सौंपा। इसी बीच भाजपा से राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने हाईकोर्ट बेंच की मांग लेकर विवादित बयान दिया। जिससे वकील भड़क गए और नाराज होकर उनके घर पहुंचकर विरोध जताया। भाजपा सांसद के बयान से पश्चिम यूपी के अधिवक्ताओं में काफी रोष है। अधिवक्ता भाजपा सांसद के इस बयान को पश्चिम यूपी विरोधी बताते हुए आगे की रणनीति में जुट गए हैं। इस मामले में मेरठ बार कार्यालय पर एक बैठक हुई। जिसमें बयान को लेकर कड़ा विरोध जताया गया।
हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर वेस्ट यूपी में चल रहे वकीलों के आंदोलन के बीच बुधवार को भाजपा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने प्रयागराज में हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वकीलों को लेकर कहा कि प्रयागराज में प्रैक्टिस कर रहे वकीलों का नंबर दीजिए, उन्हें चिट्ठी भेजकर हाईकोर्ट बेंच पर समर्थन मांगूंगा। समर्थन दिया तो पीठ पर, नहीं दिया तो विरोध में खड़े होंगे। जब तक प्रयागराज में आग नहीं लगेगी, हम जलेंगे, वो मौज लेंगे। इस बयान के सामने आने के बाद वेस्ट यूपी के वकीलों में नाराज़गी बढ़ गई।
भाजपा सांसद का ये बयान जैसे ही अधिवक्ताओं ने सुना वो सांसद के घर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट बेंच की मांग न्यायसंगत है और इस पर राजनीतिक बयानबाज़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बता दें कि मेरठ समेत वेस्ट यूपी के कई जिलों में वकील आज हाईकोर्ट बेंच को लेकर बड़ा आंदोलन कर रहे हैं। आज न्यायिक कार्यों से विरत रहकर अधिवक्ता विभिन्न जिलों में सांसदों के आवास पर पहुंचकर उनका घेराव कर रहे हैं।











Discussion about this post