लखनऊ। अमौसी एयरपोर्ट पर बैंकॉक से लखनऊ पहुंची विदेशी महिला से कस्टम की टीम ने 20 किलो ड्रग्स (हाइड्रोपोनिक वीड) बरामद की है। इसकी कीमत करीब 25 करोड़ रुपये आंकी गई है। खास बात यह है कि चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स पहली बार बरामद की गई है। मामला एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स-105 का है। मंगलवार को विमान बैंकॉक से रवाना होकर अमौसी एयरपोर्ट पर शाम 6ः40 बजे पहुंचा।
यहां कस्टम की टीम को थाईलैंड की नागरिक संदिग्ध नजर आई। टीम ने पूछताछ कर सामान की जांच लगेज स्कैनर से की। चेकिंग में बैग में कुछ पैकेट मिले। पैकिंग ऐसी थी कि किसी की नजर न पड़े। अफसरों ने बताया कि थाईलैंड की महिला के पास से 20 किलो हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई है। केंद्रीय खुफिया एजेंसी एनसीटीसी के इनपुट पर कस्टम विभाग ने यह कार्रवाई की।
जानिए, ये है हाइड्रोपोनिक वीड
विशेषज्ञ बताते हैं कि हाइड्रोपोनिक वीड एक प्रकार का गांजा होता है। इसे पानी में उगाया जाता है। मिट्टी का प्रयोग नहीं होता है। यह आम गांजे से अधिक नशीला होता है। इसलिए महंगा होता है।
मेक्सिको के ड्रग कार्टल से जुड़ रहे हैं तार!
कस्टम से जुड़े सूत्र बताते हैं कि थाइलैंड से लखनऊ पहुंची महिला नागरिक ड्रग्स के कारोबार में लंबे समय से जुड़ी बताई जा रही है। आशंका है कि मेक्सिको के ड्रग कार्टल से इसके तार जुड़े हो सकते हैं। पड़ताल हो रही है। जांच की जा रही है कि लखनऊ आने के बाद इस हाइड्रोपोनिक वीड को किन रूटों के जरिये, किन प्रदेशों, जिलों या देशों में भेजने की योजना थी।
पहली बार बरामद हुई है इतनी ड्रग्स
अमौसी एयरपोर्ट पर कस्टम की टीम की मुस्तैदी के चलते सोने, विदेशी सिगरेटों आदि की तस्करी से जुड़े मामलों का पर्दाफाश होता रहा है। पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद मिलने से अफसर सकते में हैं। एयरपोर्ट पर चार माह पहले तीन तस्कर 97 हजार सिगरेटों के पैकेट के साथ पकड़े गए थे। तीनों यात्री बैंकॉक से एयर एशिया की फ्लाइट एफडी-146 से पहुंचे थे। इनकी बाजार में कीमत 6.29 लाख रुपये थी।











Discussion about this post