शामली। पानीपत-खटीमा हाईवे पर कांवड़ ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड शिव कुमार को देर रात किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होमगार्ड को स्थानीय लोगों और डायल 112 पुलिस की मदद से तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना बाबरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुजफ्फरनगर-शामली बॉर्डर स्थित कॉरिडोर कट / ओवर ब्रिज के पास की है। गांव सिमऊ निवासी शिव कुमार रात 8:00 बजे से सुबह 8:00 बजे तक कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी पर पहुंचते ही एक तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
घायल शिव कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें हादसे के बाद होश नहीं है, और वे आरोपी वाहन या चालक की पहचान नहीं कर पाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही आरोपी वाहन चालक की तलाश भी जारी है।
गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा के दौरान इस मार्ग पर दुर्घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में 8 कांवड़ियों को अलग-अलग घटनाओं में टक्कर मारकर घायल किया गया, और अब एक ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड भी शिकार हो गया है।
पुलिस प्रशासन ने जनता और कांवड़ियों से सतर्कता बरतने की अपील की है, वहीं दुर्घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।











Discussion about this post