परीक्षितगढ़। परीक्षितगढ़-किठौर मार्ग पर स्थित गांव अमीनाबाद उर्फ बड़ा गांव के समीप बाइक सवार दो युवकों को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराते हुए ट्रक कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। चिकित्सकों ने दोनों की हालत चिंताजनक होने पर मेरठ अस्पताल रेफर कर दिया। जहां एक युवक की मौत हो गई। पीड़ित पिता ने ट्रक चालक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना किठौर के मोहल्ला मनसबपुरा निवासी दानिश (18) पुत्र शाहिद और बहारे आलम (21) पुत्र अकरम बाइक द्वारा किठौर से परीक्षितगढ़ की ओर आ रहे थे। जैसे ही बाइक सवार गांव अमीनाबाद उर्फ बड़ा गांव के मोड़ के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पर भेज दिया और ट्रक को कब्जे लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। चिकित्सकों ने दोनों युवकों की हालत चिंताजनक होने पर मेरठ अस्पताल रेफर कर दिया। बाइक को अकरम चला रहा था। हादसे में घायल बहारे आलम की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पिता शाहिद ने ट्रक चालक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।











Discussion about this post