शामली। मुजफ्फरनगर से घर लौट रहे तीन युवकों के साथ हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बाबरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए हादसे में जीजा-साले समेत दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव जंधेड़ी निवासी शीशपाल (28) अपने साथी आमिर व झिंझाना थाना क्षेत्र के अगड़ीपुर निवासी बहनोई अनिल के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर से बिजली फिटिंग का कार्य निपटाकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे तीनों मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग पर बनत के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शीशपाल और अनिल को मृत घोषित कर दिया। आमिर की हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतक शीशपाल एक दस महीने के बेटे का पिता था। उसकी असमय मौत ने पत्नी और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। अनिल और शीशपाल आपस में जीजा-साले थे और साथ मिलकर बिजली फिटिंग का कार्य करते थे।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और अस्पताल में शवों की शिनाख्त की। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद जंधेड़ी और अगड़ीपुर गांवों में शोक की लहर है और परिजनों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों का तांता लगा हुआ है।











Discussion about this post