शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र के जिजौला गांव के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।बर्तनों से भरी एक पिकअप वैन ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दथेड़ा गांव निवासी दो राजमिस्त्री मुकेश पुत्र नाथीराम और प्रवीण पुत्र नरेश की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर चौसाना से बिडोली की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे जिजौला गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रवीण ने ऊन के सरकारी अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक हरियाणा के करनाल के नगला चौक के पास राजमिस्त्री का काम करते थे और उसी दिशा में रोज की तरह जा रहे थे। हादसे की सूचना पर चौसाना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे की खबर मिलते ही ग्राम दथेड़ा में मातम पसर गया। एक साथ दो युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











Discussion about this post