मेरठ। थाना भावनपुर क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गन्ने के खेत से निकलकर आए हथियारबंद बदमाशों ने एक टेंपो चालक को गोली मार दी। वारदात रुकनपुर ईंट भट्ठे के पास करीब रात 11 बजे की है। चालक को कंधे के पास गोली लगी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन बदमाश फरार हो गए।
घायल टेंपो चालक की पहचान सादिक (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गांव अब्दुलापुर का निवासी है। सादिक की पत्नी रेशमा और पांच वर्षीय बेटी आयशा हैं। मंगलवार शाम सादिक जेल चुंगी से नगलाशाहू की ओर सवारी छोड़ने गया था। लौटते समय गांव के बाहर रुकनपुर ईंट भट्ठे के पास ईंख के खेत से चार-पांच हथियारबंद बदमाश निकले और टेंपो रुकवाने की कोशिश की।
सादिक ने खतरा भांपते हुए टेंपो की रफ्तार तेज कर दी, जिससे गुस्साए बदमाशों ने पीछे से फायरिंग कर दी। एक गोली सादिक के कंधे के पास लगी, लेकिन वह हिम्मत दिखाते हुए टेंपो दौड़ाता रहा और शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। घायल सादिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया गया है।











Discussion about this post