मुजफ्फरनगर। जीएसटी विभाग ने एक साथ दो टीमें लगाकर दो प्रतिष्ठानों पर जांच की। जानसठ रोड पर संचालित अक्षय रिसाइक्लिंग एंड वेस्ट मैनेजमेंट फर्म पर जांच के बाद बड़ी चोरी पाई गई, जिसके बाद टीम ने मौके पर ही 1 करोड़ 1 लाख 28 हजार रुपये वसूले। वहीं, भंडूर में संचालित सिंघल इंटरप्राइजेज नामक कूलर फैक्ट्री पर भी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद भारी जुर्माने से बचने के लिए फर्म संचालक ने 6.28 लाख रुपये का जुर्माना लगाकर विभाग को धनराशि जमा करा दी।
स्टेट जीएसटी विभाग की एसआईबी विंग के ज्वाइंट कमिश्नर सिद्धेश दीक्षित के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर मनोज शुक्ला के नेतृत्व में जांच टीम बनाई गई। जांच टीम ने अक्षय रिसाइकिलिंग एंड वेस्ट मेनेजमेंट फर्म पर टीम के साथ जांच शुरू की।
मौके पर टीम को फर्म में ई-वेस्ट स्क्रैप पुराने रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, एयर कंडीशनर, पंखे, टीवी आदि की खरीद बिक्री एवं उक्त ई-वेस्ट स्क्रैप से डिस्मेल्ट कर विभिन्न वस्तु निकालकर बिक्री के लेनदेन में गड़बड़ी मिली। इस आधार पर फर्म पर व्यापारी द्वारा कर एवं अर्थदंड मद में एक करोड एक लाख 28 हजार रुपये जमा कराए गए।
स्टेट जीएसटी की दूसरी जांच भंडूर में चल रही कूलर फैक्ट्री पर हुई। सिंघल एण्टरप्राईजेज फर्म में जीपी चादर से कूलर का निर्माण तथा प्लास्टिक के कूलर की असेम्बलिंग कर बिक्री करने के लिए क्रय-विक्रय बिलों की जांच हुई। लेखा पुस्तकों में मिली विसंगतियों के आधार पर व्यापारी से छह लाख 28 हजार रुपये जमा कराए गए। जांच में डिप्टी कमिश्नर मनोज कुमार शुक्ल, सहायक आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद सिंह, अनिल कुमार, विपिन कुमार, वीरेन्द्र कुमार मिश्र, राजेन्द्र शर्मा, अनिल कुमार आदि शामिल रहे।










Discussion about this post