मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के बघरा कस्बे में एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला के नवजात बच्चे की गर्भ में ही मौत हो गई। महिला के परिजनों ने निजी नर्सिंग होम के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान डॉक्टर और महिला डॉक्टर मौका पाकर मौके से फरार हो गए। महिला के पति ने नर्सिंग होम संचालक और महिला डॉक्टर के खिलाफ तितावी थाने में तहरीर दी है।
सैदपुरा खुर्द निवासी विशाल कश्यप अपनी पत्नी सुषमा को बघरा स्थित प्राइवेट नर्सिंग होम पर पत्नी के प्रसव के समय की जांच कराने के लिए ले गया था। आरोप है कि हॉस्पिटल के चिकित्सक ने अपनी एक महिला चिकित्सक से गर्भवती महिला की जांच के पश्चात पेट में नवजात शिशु की आहार नाल को गले में फंसी बताकर गर्भवती महिला के ऑपरेशन की बात कही।
उपचार के दौरान महिला की हालत बिगड़ गयी, जिस पर नर्सिंग होम संचालक ने महिला को मुजफ्फ़रनगर में सुजडू में स्थित एक अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया। जांच के दौरान यहां चिकित्सक ने बताया कि बच्चे की पेट में ही मौत हो चुकी है।बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजन बघरा स्थित अस्पताल पर पहुंच गए और डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। उसके पति ने थाने पर तहरीर दी है। सीएचसी प्रभारी अश्वनी कुमार का कहना कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कराकर नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post