खतौली। बारात से लौटते समय मामूली कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिससे एक बाराती गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना थाना क्षेत्र के भैंसी गांव की है, जहां बारातियों से भरी बस में हुआ विवाद अचानक हिंसा में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, गांव भैंसी निवासी मुस्तकीम के बेटे की बारात वापसी के दौरान बस में सवार बारातियों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि बाराती फुरकान पुत्र मुन्ना ने अचानक दूसरे बाराती छोटू पुत्र पप्पू पर हमला कर दिया। देखते ही देखते पूरा मामला तूल पकड़ गया और दोनों पक्षों के बाराती आपस में भिड़ गए।
बस में लात-घूंसे चलने लगे और बेल्ट से मारपीट तक नौबत आ गई। झगड़े में छोटू घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे बारातियों को फटकार लगाकर शांत किया। घायल छोटू को प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और झगड़े की पूरी परिस्थिति को खंगाला जा रहा है।










Discussion about this post