मुजफ्फरनगर। थाना बुढ़ाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोर ने ऑनलाइन गेमिंग में हारे पैसों के चलते खुद के अपहरण का नाटक रच डाला। परिजनों से फिरौती की मांग की सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टीम गठित की और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से किशोर को मेरठ से सकुशल बरामद कर लिया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि थाना बुढ़ाना पुलिस को एक व्यक्ति ने अपने पुत्र के अपहरण और फिरौती मांगने की शिकायत दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर टीम गठित की। जांच के दौरान टेक्निकल और अन्य माध्यमों से पुलिस ने नाबालिग को मेरठ से सुरक्षित बरामद कर लिया।
पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसने ऑनलाइन गेम्स में भारी रकम गंवा दी थी। इस कारण उसने खुद को अपहृत दिखाकर परिवार से ही फिरौती की मांग की। पुलिस जांच में किशोर के मोबाइल से कई ऑनलाइन गेमिंग ऐप भी मिले।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने किशोर को परिजनों के सुपुर्द करते हुए सख्त चेतावनी दी कि वह दोबारा ऐसी हरकत न करे। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें, विशेषकर उनके ऑनलाइन लेन-देन और गेमिंग की लत पर नियंत्रण रखें, ताकि समय रहते गलत प्रवृत्ति को रोका जा सके।
यह घटना ऑनलाइन गेमिंग की लत और उसके खतरनाक दुष्परिणामों को उजागर करती है। थाना बुढ़ाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।










Discussion about this post