मुजफ्फरनगर। थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव में एक महिला की गला रेतकर हत्या की घटना से गांव में सनसनी फैल गई।सूचना मिलते ही सीओ सिटी राजू कुमार साव के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंच गई।
सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। घटना थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव में हुई, जहां 55 वर्षीय बबीता, पत्नी चंद्रपाल, जो एक एएनएम (ऑक्जिलरी नर्स मिडवाइफ) के रूप में कार्यरत थीं, की हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को बबीता के घर में प्रवेश करते और निकलते हुए देखा गया है। ग्रामवासियों की मदद से संदिग्ध की पहचान की जा रही है, और संभावना है कि वह उसी गांव का निवासी हो सकता है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर पुलिस और एफएसएल की टीमें जांच में जुटी हैं, और ग्रामवासियों से पूछताछ की जा रही है। सीओ ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










Discussion about this post