मुजफ्फरनगर : ससुराल वालों और पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर एक युवक ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज घास मंडी स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। युवक जहर खाने से पहले एक वीडियो भी बनाया।
इसमें उसने कहा, ससुराल वाले और पत्नी उससे पैसों की डिमांड कर रहे हैं। झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रह हैं। युवक के घर वालों ने मामले की पुलिस से शिकायत की है। पुलिस तहरीर और वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
मामला शहर कोतवाली नगर क्षेत्र के रामपुरी इलाके का है। यहां के रहने वाले राहुल ने वीडियो में कहा, पत्नी ज्योति और ससुराल वाले उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही है। उससे 12 लाख रुपये की मांग कर रही है। उसकी शादी को अभी एक साल ही हुआ है, लेकिन इस दौरान उसे लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा है।
राहुल ने ये भी खुलासा किया कि कई बार उसके ससुराल वाले उसके घर आकर मारपीट कर चुके हैं। उसने बताया कि ससुराल वालों की इस हरकत से वह और उसका परिवार डरे हुए हैं। राहुल ने कैमरे पर इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा, मुझे और मेरे परिवार को इंसाफ चाहिए। मैं इन अत्याचारों से तंग आ चुका हूं।
राहुल की शादी पिछले साल रामपुरी की ही रहने वाली ज्योति के साथ हुई थी। शुरुआती दिनों में सब ठीक चल रहा था, लेकिन जल्द ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। राहुल का कहना है कि उसकी पत्नी और ससुराल वाले उसे परेशान करने लगे और उससे पैसे की मांग करने लगे। राहुल ने बताया कि वह इन मांगों को पूरा करने में असमर्थ था, जिसके चलते उसे बार-बार धमकियां दी जाने लगीं।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर राहुल ने जहर खाकर अपनी जिंदगी खत्म करने की कोशिश की। घटना के बाद उसे तुरंत घास मंडी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
मामले में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों से बातचीत की है। जल्द ही इस मामले में कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस का कहना है परिजनों की तहरीर और वीडियो के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post