मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की पावन बेला में जब शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं, तब देशभर में भाईचारे और एकता की मिसालें देखने को मिल रही हैं। ऐसी ही एक मिसाल आज मुजफ्फरनगर के अहिल्याबाई चौक पर देखने को मिली, जहाँ मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों का स्वागत पुष्प अर्पित कर अमन, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
मुजफ्फरनगर के अहिल्याबाई चौक पर शिवभक्तों की सेवा में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ता पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ सेवा करते हुए दिखाई दिए। मंच के मार्गदर्शक डॉ. इंद्रेश कुमार के निर्देशानुसार इस प्रयास ने मुल्क में अमन, शांति और भाईचारे को मजबूत करने की एक खूबसूरत तस्वीर पेश की।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष शमशाद मीर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इदरीस, राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहम्मद रिजवान अंसारी, प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद नसीम सलमानी, क्षेत्रीय अध्यक्ष रविश अंसारी, युवा मोर्चा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सदरे आलम, ज़ुबैर आलम, आमिर मिर्जा, अनीस सैफी और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने कांवड़ियों को पुष्प वर्षा के साथ कोल्ड ड्रिंक और पानी भी पिलाया।
मंच ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को साकार करते हुए यह संदेश दिया कि मज़हब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना। श्रद्धालु भी मंच की इस पहल से अत्यंत भावुक और खुश नजर आए। कांवड़ यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह सामाजिक एकता और सद्भाव का भी पर्व बनती जा रही है।










Discussion about this post