मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में मंगलवार शाम को पंचायत ने छेड़छाड़ के आरोपी युवक तालिब को थप्पड़ों की सजा देकर पूरे मामले को गांव स्तर पर निपटा दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मामले की शुरुआत उस समय हुई जब गांव की एक युवती ने तालिब पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जो पूर्व प्रधान इस्तखार उर्फ सट्टल के घर पर हुई। पंचायत में न केवल पीड़िता के परिजन और गांव के गणमान्य लोग मौजूद थे, बल्कि आरोपी को युवती के सामने पेश भी किया गया।
वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि युवती ने आरोपी को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारे, और उसके बाद पूर्व प्रधान इस्तखार ने भी उसे कई थप्पड़ जड़ दिए। पंचायत के सामने आरोपी ने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी।
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या इस तरह की ग्रामीण पंचायतों को कानून से ऊपर समझा जा सकता है? क्या यह भारत की न्याय व्यवस्था का मज़ाक नहीं है, जिसमें बिना पुलिस, FIR या कोर्ट की प्रक्रिया के ही ऐसे गंभीर मामलों का निपटारा किया जा रहा है?
पुलिस ने अब वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आगे कानून अपना रास्ता अपनाता है या यह मामला भी गांव की चौपाल में ही दम तोड़ देगा।










Discussion about this post