शामली। मांगों पर ध्यान न देने का आरोप हुए लगाते नगरपालिका के सफाई कर्मियों ने अधिशासी अधिकारी का घेराव कर जमकर हंगामा किया। उनकी ईओ से तीखी नोकझोंक हुई। संगठन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने पर हड़ताल करने की चेतावनी दी।
सोमवार को नगरपालिका के सभागार में उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ शाखा यूनिट शामली और स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन की बैठक हुई। बैठक में स्थाई, संविदा व आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर विचार विमर्श किया गया।
बताया गया है कि कर्मचारी समस्याओं से अवगत कराने के लिए अधिशासी अधिकारी को बुलाने के लिए संगठन के पदाधिकारी गए थे लेकिन वहां पर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर सफाई कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी व सदस्य अधिशासी अधिकारी कार्यालय पहुंच गए और उनका घेराव कर हंगामा-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारी एकता जिंदाबाद के नारे लगाए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं को नजर अंदाज किया जा रहा है। कईं मांगे रखते हुए कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने ईओ को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे हड़ताल करने को मजबूर होंगे।
अधिशासी अधिकारी ने कर्मचारियों को नियमानुसार सुविधाएं दिए जाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रवीण कुमार, महासचिव अश्वनी तेश्वर, स्वायत शासन कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष अमित तेश्वर, महासचिव विनोद निर्वाल, पूर्व अध्यक्ष राजन पाहिवाल,पूर्व अध्यक्ष जोगेश पाहिवाल, पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र बिडला, मुख्य संरक्षक प्रदीप टांक मायूस, जितेंद्र चंद्रा आदि कर्मचारी मौजूद रहे।











Discussion about this post