मेरठ। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, मेरठ में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर एस.एन. तिवारी (लखनऊ वेटरन्स नोड) ने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सभी सैनिकों को आश्वस्त किया कि वे उनके हित में कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में कैप्टन (आईएन) राकेश शुक्ला, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, ने भी भाग लिया। उन्होंने बताया कि भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के लिए मेट्रो ट्रेन पास जैसी सुविधाओं की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
ब्रिगेडियर तिवारी ने अपनी संस्था “श्रीमती दुर्गावती देवी सैनिक पूर्व सैनिक महिला एवं बाल कल्याण समिति” के अंतर्गत विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य और हीमोग्लोबिन जांच शिविरों के आयोजन की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि ये शिविर वे और उनकी पत्नी मिलकर अपने पेंशन के खर्च से आयोजित करते हैं। आगरा, मथुरा जैसे जिलों में इस प्रकार के कैम्प लगाए जा चुके हैं।
उन्होंने मेरठ में भी अपने कार्यक्रम के अंतर्गत सभी पूर्व सैनिकों को एकजुट रहने, एक-दूसरे की मदद करने और संगठनात्मक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
कैप्टन राकेश शुक्ला ने ब्रिगेडियर तिवारी के इस योगदान की सराहना की और कहा कि जिस प्रकार सैनिक सेवा के दौरान एकजुट रहते हैं, उसी प्रकार से सेवानिवृत्ति के बाद भी एकता बनाए रखनी चाहिए। इससे भूतपूर्व सैनिक समुदाय और अधिक सशक्त और समर्थ बन सकेगा।











Discussion about this post